हाथरस 19 जून । शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय, परसटटा बाजार पर बुधवार शाम कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी का जन्मदिवस हर्षोल्लास और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ‘ओके’ के सौजन्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व पीसीसी सदस्य अशोक कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन स्वयं शहराध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने किया।
वक्ताओं ने राहुल गांधी को जनप्रिय नेता बताते हुए उन्हें गरीबों, दलितों, मजदूरों, महिलाओं और वंचितों की आवाज कहा। इस दौरान युवा पीढ़ी से अपील की गई कि वे राहुल गांधी के संघर्षशील जीवन से प्रेरणा लें और सामाजिक सरोकारों से जुड़ें। अपने संबोधन में शहर अध्यक्ष योगेश ओके ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “देश में महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी युवाओं को तोड़ रही है, भ्रष्टाचार बेलगाम हो चला है और अपराधों ने आमजन को भयभीत कर दिया है। ऐसे समय में राहुल गांधी जैसे नेता ही हैं, जो सच्चाई से सत्ता पक्ष की आँखों में आँख डालकर सवाल पूछते हैं।”
योगेश ओके ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करें, यही उनके जन्मदिवस पर सच्ची शुभकामना होगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी कन्हैयालाल शर्मा, संजीव आँधीवाल, चन्द्रभान सिंह, भूपेंद्र शर्मा, प्रदीप तेनुगुरिया, डॉ प्रमोद कुमार, धर्मेन्द्र गांधी, विनोद शर्मा, देवेंद्र शर्मा, गोविंद चतुर्वेदी, केके ब्रह्मचारी, सत्यप्रकाश रंगीला, दीपक चौधरी, देवानंद कुशवाहा, योगेश बाबू, राजकुमार सिंह, जुनैद खान, नाज़िश खान, संजीव शर्मा, अभिषेक राजा एवं संजय अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी के दीर्घायु और सशक्त नेतृत्व की कामना करते हुए सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।