हाथरस 16 जून । आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के 41 कृषक आश्रित परिवारों को सहायता राशि के डेमो चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों और उनके परिवारों के लिए एक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है। विधायक ने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में यदि किसी कृषक की मृत्यु, स्थायी विकलांगता या अंग-भंग होता है, तो उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद प्रदान करेगी। इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, एमएलसी प्रतिनिधि यतेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वि./रा. बसंत अग्रवाल, उप जिलाधिकारी सदर, जिला सूचना अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, तहसीलदार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं लाभार्थीगण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन का प्रसारण भी कार्यक्रम के दौरान सभागार में किया गया, जिसमें उन्होंने अम्बेडकर नगर के 11,690 कृषक आश्रित परिवारों को ₹561.86 करोड़ की सहायता राशि वितरित किए जाने की जानकारी दी। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि
पूर्ण मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर: ₹5.00 लाख
दोनों हाथ/पैर या दोनों आंखों की क्षति पर: ₹5.00 लाख
एक हाथ व एक पैर की क्षति पर: ₹5.00 लाख
एक हाथ/पैर या एक आंख की क्षति पर: ₹2.5 लाख
स्थायी दिव्यांगता (50–100%): ₹2.5 लाख
स्थायी दिव्यांगता (25–50%): ₹1.25 लाख
कार्यक्रम का संचालन मोनिका गौतम द्वारा किया गया।