सादाबाद 30 मई । आज तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट के नेतृत्व में किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम को सात प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम और किसानों के बीच तीखी बहस भी हुई।
किसानों की प्रमुख मांगों में सादाबाद तहसील में सर्किल रेट में वृद्धि शामिल है। किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक दरें तय नहीं की गई हैं। उन्होंने अघोषित बिजली कटौती की समस्या का समाधान करने की मांग की। किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने पर भी जोर दिया। उन्होंने खतौनियों में नाम की त्रुटियों को सुधारने के लिए ग्राम स्तर पर चौपाल लगाने की मांग की। सिंचाई के लिए माइनर और रजबहा को चालू करने की मांग भी प्रमुख है। किसानों ने लेखपालों पर भ्रष्टाचार और शोषण का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन को दो सप्ताह का समय दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे पुनः आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।