सादाबाद 20 मई । किसानों को सरकार द्वारा घोषित 8 घंटे की बजाय महज 4 घंटे बिजली मिलने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में किसानों ने मरघट रोड स्थित बिजली घर का घेराव किया।
किसानों का कहना है कि विद्युत विभाग अघोषित कटौती कर रहा है। दिन में केवल ढाई से 4 घंटे तक बिजली मिल रही है। उसमें भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। खेतों में पानी पहुंचने से पहले ही बिजली कट हो जाती है।बिजली की कमी से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। पहले वे साल में तीन फसलें लेते थे, अब एक ही फसल ले पा रहे हैं। इस बार गर्मी के मौसम में बाजरे की खेती नहीं कर पाए हैं। खरबूजे और अन्य सब्जियों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण ट्रांसफॉर्मर पर अधिक लोड हो जाता है। उन्होंने किसानों को पूरे 8 घंटे बिजली देने का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। एसडीओ देहात के आश्वासन के बाद किसान वापस लौट गए। विद्युत विभाग ने पूरी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया है।