लखनऊ 15 अप्रैल । प्रदेश सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में अयोध्या, अमेठी, इटावा, बदायूं, कन्नौज और चंदौली समेत छह जिलों के जिलाधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। अब तक अयोध्या के जिलाधिकारी रहे चंद्र विजय सिंह को विशेष सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग बनाया गया है। उनकी जगह चंदौली के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या भेजा गया है।अमेठी की डीएम निशा को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन बनाया गया है। उनकी जगह सहारनपुर के नगर आयुक्त संजय चौहान को अमेठी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इटावा, बदायूं और कन्नौज में भी हुए बदलाव
इटावा के डीएम अवनीश कुमार राय को बदायूं का डीएम बनाया गया है, जबकि कन्नौज के डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को इटावा भेजा गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को कन्नौज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
चंदौली और प्रयागराज में भी नई नियुक्तियाँ
बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया है। प्रयागराज के नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को चंदौली का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, जौनपुर के सीडीओ सीलम साईं तेजा को प्रयागराज का नगर आयुक्त बनाया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण तबादले
जौनपुर : गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को जौनपुर का सीडीओ बनाया गया है।
सहारनपुर : शिपू गिरी को नगर आयुक्त सहारनपुर नियुक्त किया गया है।
रेरा (UP RERA) : महेंद्र वर्मा को सचिव, उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण बनाया गया है।
गौतमबुद्धनगर : मुजफ्फरनगर के सीडीओ संदीप भागिया को अपर आयुक्त, राज्य कर नियुक्त किया गया है।
मुजफ्फरनगर : मेरठ के संयुक्त मजिस्ट्रेट कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को सीडीओ बनाया गया है।
ऊर्जा विभाग : प्रतीक्षारत चल रहे आईएएस अधिकारी राजकुमार प्रथम को विशेष सचिव, ऊर्जा विभाग नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर यह बड़ा फेरबदल आगामी चुनावी तैयारियों और योजनाओं के क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।