Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 15 मार्च । भाजपा जिलाध्यक्षों की पहली सूची होली के बाद आएगी। पहले चरण में 75 से 80 जिलाध्यक्ष घोषित किए जाएंगे। संबंधित सूची केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दी गई है। शेष जिलाध्यक्षों की घोषणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद आएगी। भाजपा के संगठनात्मक दृष्टि से 98 जिलों के जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। यूं तो जिलाध्यक्षों की घोषणा 30 दिसंबर तक होनी थी लेकिन अभी तक सूची जारी नहीं हो सकी है। चर्चा है कि आपसी खींचतान व सामाजिक समीकरण ठीक से न बैठने से कई जिलों में अध्यक्ष को लेकर आम सहमति नहीं बन पा रही है। 15 दिन पहले 70 जिलाध्यक्षों की सूची को केंद्रीय नेतृत्व ने इसलिए वापस कर दिया था कि उसमें महिलाओं व वंचितों की कम भागीदारी थी। 50 प्रतिशत से अधिक पिछड़ों की आबादी को देखते हुए उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए थे। अब नए सिरे से तय किए गए जिलाध्यक्षों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।

चुनाव अधिकारी संबंधित जिले में ही करेंगे नाम की घोषणा

हर जिला अपने जिलाध्यक्ष की लिस्ट जारी करेगा। इस बार ये सूची प्रदेश स्तर पर घोषित नहीं होगी बल्कि प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य जनपदों में जाकर नए जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान करेंगे। पार्टी अब नए जिलाध्यक्षों की घोषणा प्रदेश स्तर पर नहीं करके जिलों में करेगी। यह जिम्मेदारी जिला चुनाव अधिकारी निभाएंगे। पार्टी सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद ऐसा करने की तैयारी है।

हो सकता है विरोध

हालांकि जिला चुनाव अधिकारियों के लिए यह किसी सिरदर्दी से कम नहीं है। कुछ जगहों पर उन्हें विरोध भी झेलना पड़ सकता है। सभी जिला चुनाव अधिकारियों को अपने आवंटित जिलों में भेजा जाएगा। वे नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी होगा जल्द

सब कुछ तय कार्यक्रम के हिसाब से हुआ तो 16 मार्च को भाजपा जिलाध्यक्षों का ऐलान हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक 25 मार्च से पहले पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिल सकता है। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने की जिम्मेदारी भाजपा नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page