Hamara Hathras

20/10/2024 10:03 pm

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर। सुहागिनों के अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवाचौथ का त्योहार हाथरस में उल्लास और उमंग के बीच मनाया गया । परंपरा के अनुसार सुहागिनों ने पूरे दिन बिना कुछ खाए-पीए उपवास रखा। शाम को सोलह शृंगार करके घर-परिवार और आस-पड़ोस की सुहागिनों ने मिलकर भगवान गणगौर की पूजा की। पूड़ी पकवानों से सुहागिनों ने भगवान गण-गौर का भोग लगाया और पर्व की प्रचलित कहानियां सुनीं और सुनाईं। रात को चंद्रदेव को अर्घ्य देने के बाद सुहागिनों ने पति के हाथ से पहला निवाला खाकर व्रत खोला। सुबह से ही महिलाओं ने व्रत के चलते पानी भी नहीं पिया। दिन भर महिलाएं घर में शाम की पूजा की तैयारी में जुटी रहीं।

शाम ढलने से पहले घर-घर में पूजा के लिए पूड़ी, हलुवा व अन्य पकवान तैयार किए गए। इसके बाद महिलाओं ने सोलह-शृंगारों में सज-संवरकर चौथ मइया की पूजा की। पूड़ी-पकवानों से उनका भोग लगाया और उनसे अपने पति की दीर्घायु की कामना की। कहीं पेड़ों के पास बैठकर तो कहीं घर की दीवाराें पर चौथ माता की आकृति काढ़कर उनके पूजन की रस्म उत्साह से निभाई गई। कुछ महिलाओं ने कैलेंडरों पर चौथ माता का पूजन किया। इसके बाद हर सुहागिन को उस वक्त का इंतजार था, जब चंद्रदेव दिखाई दे जाएं। बच्चे पहले से ही चंद्रदर्शन की सूचना देने के लिए छतों पर जमा थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही चंद्रदेव क्षितिज पर नजर आए। महिलाओं ने मंगल व धार्मिक गीतों के बीच उन्हें अर्घ्य दिया और उनसे पतिदेव की लंबी आयु की मन्नत मांगी।

चंद्रदर्शन होते ही पूरा शहर आतिशबाजी के धमाकों से गूंज उठा। चंद्रदर्शन की खुशी में डूबे बच्चों और युवाओं ने जोरदार आतिशबाजी की। पूरा माहौल बच्चों की किलकारियों और शोर-शराबे से भी गूंज रहा था। चंद्रदर्शन का उत्साह बेशक सुहागिनों में था, लेकिन अपने शोर-शराबे से इसे बयां छोटे-छोटे बच्चे कर रहे थे। देर रात तक हर तरफ चंद्रदर्शन की खुशी छाई रही। करवा चौथ पूजन से पहले भी शहर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही। लोगों ने पूजा से पहले मिट्टी और खांड़ से बने करवे, सींकें, कैलेंडर, शृंगार सामग्री और अन्य चीजों की खरीदारी की। पूजा के लिए फूलमालाएं भी खरीदी गईं। बाजार में जगह-जगह लगी फूलमालाओं की ढकेलों पर ग्राहकों का तांता लगा हुआ था।

आज पूरे जनपद में करवा चौथ का त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आज क्या आम क्या खास सभी ने पूजा अर्चना की। प्रतिनिधियों ने भी पारंपरिक तरीके से करवा चौथ का पर्व मनाया। सांसद अनूप वाल्मीकि ने अपनी पत्नी के साथ अलीगढ में पर्व मनाया। वहीं सदर विधायक अंजुला माहौर ने पति एसके माहौर के साथ आगरा में करवा चौथ का पर्व मनाया। वहीं पूर्व सांसद राजेश दिवाकर व चेयरमैन श्वेता चौधरी व निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने पत्नी मोनिका आर्य के साथ मुरसान गेट स्थित वसुंधरा एंक्लेव में पूजा अर्चना की। वही भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी ने पत्नी शुची माहेश्वरी के संग सर्कुलर रोड स्थित आवास व ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने कल्पना उपाध्याय के साथ बामौली हॉउस में करवा चौथ का पर्व मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page