नई दिल्ली 08 अक्टूबर। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। सबसे पहले बैलट पेपर की गिनती हुई। अब EVM मशीनों से गिनती शुरू हो गई है। रुझानों में बड़ा उलटफेर हो गया है। भाजपा को बहुमत मिल गया है। इससे पहले शुरुआती रुझानों में सुबह 8 बजे से कांग्रेस एक तरफा जीत की ओर थी। पार्टी ने 65 सीटों को छू लिया था। भाजपा कम होकर 17 सीटों पर आ गई थी। जैसे ही 9:30 बजे भाजपा टक्कर में आ गई और दोनों में दो सीटों का अंतर रह गया। सुबह 9:44 बजे एक समय ऐसा आ गया जब दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 46 सीटों तक पहुंच गई।लाडवा सीट से सीएम नायाब सिंह सैनी और हिसार से सावित्री जिंदल व जुलाना सीट से विनेश फोगाट आगे हो गई हैं। रुझानों में पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला उचाना कलां सीट से पीछे चल रहे हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट से आगे चल रहे हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में प्रदेश में 67.90% वोटिंग हुई थी, जो पिछले चुनाव से 0.03% कम है।
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में हरियाणा में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इस तरह हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक लगने की उम्मीद बन गई है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन आगे चल रहा है। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजों पर इसलिए भी नजर है क्योंकि ये नतीजे आगामी राज्यों के चुनाव पर भी असर डाल सकते हैं। जम्मू कश्मीर में 90 सीटों के लिए तीन फेज में वोटिंग हुई थी। वहीं हरियाणा में सिर्फ एक फेज यानी 5 अक्तूबर को मतदान हुआ था।
हरियाणा में भाजपा एक बार फिर जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार है। पार्टी दोपहर एक बजे तक 48 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इनेलो 2 सीटों पर और अन्य चार सीटों पर आगे हैं।
जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन 48 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं भाजपा 28 सीटों पर आगे है। पीडीपी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है और पार्टी सिर्फ दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अन्य 9 सीटों पर आगे हैं।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘हम ज्ञापन पेश करके शिकायत कर रहे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि ECI हमारे सवालों का जवाब दे क्योंकि 11-12 राउंड के नतीजे आ चुके हैं लेकिन जो अपडेट किया गया है उसमें केवल 4 से 5 राउंड के नतीजों को दिखाया जा रहा है। ऐसा लोकसभा चुनाव में भी हुआ था… हम उम्मीद करते हैं की ECI जो एक संवैधानिक संस्था है, निष्पक्ष संस्था है वो प्रशासन पर दबाव न बनाए… हताश होने की कोई जरूरत नहीं है, निराश होने की जरूरत नहीं है। ये सब ‘माइंड गेम’ है… हमें जनादेश मिलने वाला है, कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।’
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल 5 विधायकों को करेंगे नामित
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में मतगणना के बाद आज 90 विधायक चुन लिए जाएंगे। इसके साथ ही यहां उपराज्यपाल 5 विधायकों को नामित करेंगे। जिसके बाद विधायकों की संख्या 95 हो जाएगी।
जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के लिए 46 सीटों की जरूरत
जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी, यहां सरकार बनाने के लिए 46 सीटों की जरूरत है। यहां कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ा है। वहीं भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा है। आज दोपहर तक साफ हो जाएगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बनने जा रही है।