सादाबाद 06 सितंबर । बीती गुरुवार की रात अरौठा पंचायत के गांव टीकैत और गढवे में अज्ञात बदमाश दो मकान से लाखों के जेवरात और नगदी पार करने जाने में सफल रहे। कोतवाली पुलिस ने दोनों जगह पहुंचकर चोरी की घटना के संबंध में छानबीन और पूछताछ की है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
चौकी बिसावर पर शिकायत देते हुए विशाल कुमार पुत्र इंद्रवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात्रि की 1:00 बजे जब उसकी नींद खुली तो तीन चार अज्ञात लोग घर से बाहर निकल रहे थे। शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग जमा हो गए लेकिन अज्ञात लोग भाग जाने में सफल रहे। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था।अज्ञात चोर अलमारी से एक सोने की चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब, 10000 रुपए नगद और एक लेडीज पर्स जिसमें 3700 रखे हुए थे तथा अन्य जरूरी दस्तावेज ले गए हैं। घटना के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में पूछताछ की है। वहीं दूसरी ओमवीर सिंह पुत्र सुरंजन सिंह निवासी टीकैत ने बताया है कि वह अपनी पत्नी के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य कमरे में सो रहे थे। बदमाश छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए और बंद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से एक कमरबंद, दो जोड़ी पाजेब, चार अंगूठी, ₹30000 पार कर ले जाने में सफल रहे। सुबह घटना की जानकारी होने पर आसपास हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार ओमवीर सिंह मौजूदा प्रधान के चाचा हैं। वर्तमान विधायक गुड्डू चौधरी भी इसी गांव के निवासी हैं। विधायक के गांव में भी बदमाशों ने हाथ साफ करने में कोई गुरेज नहीं किया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।