सासनी 31 मार्च। कस्बे में आगामी 2 अप्रैल 2026 को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम संयोजक जयपाल सिंह कुशवाह और अंकित उपाध्याय ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे देव प्रकाश बगीची, पुराने शनिदेव मंदिर के सामने से होगा। इससे पूर्व सुबह 8 बजे हवन यज्ञ, 9 बजे श्रीराम आरती और 9:15 बजे हनुमान जी की आरती का आयोजन किया जाएगा, जबकि दोपहर 1 बजे रामलीला मैदान में समापन के साथ प्रसादी वितरण किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने सभी धर्मप्रेमियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए इसे आस्था, एकता और श्रद्धा का प्रतीक बताया। प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी शोभायात्रा भव्य और आकर्षक होगी। आयोजन में प्रांत अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल मुख्य अतिथि और बजरंग दल के प्रांत संयोजक दिग्विजयनाथ तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उद्घाटन डॉ. विकास शर्मा द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विहिप और बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।






















