
हाथरस 29 नवम्बर। शहर के आगरा रोड स्थित डाकखाने वाली गली के सरिता प्रेम हॉस्पिटल में रविवार शाम मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को लेकर विवाद हो गया। निरीक्षण करने पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा और अस्पताल संचालक डॉ. भरत यादव के बीच नोकझोंक हो गई। डॉ. भरत यादव ने ड्रग इंस्पेक्टर पर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस जारी करने के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया, जबकि ड्रग इंस्पेक्टर ने डॉक्टर और उनके भाई पर अभद्रता करने तथा मोबाइल फोन छीनने का आरोप लगाया है। हंगामे की सूचना पर एसीएमओ, तहसीलदार और कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
डॉ. भरत यादव के अनुसार, उन्होंने कुछ समय पहले ही अस्पताल को यहां शिफ्ट किया है और मेडिकल स्टोर के लाइसेंस के लिए पहले ही आवेदन कर दिया था। इसके बावजूद लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ड्रग इंस्पेक्टर लाइसेंस जारी करने के बदले 30 हजार रुपये मांग रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ड्रग इंस्पेक्टर के कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी उनके भाई किशन प्रताप सिंह को फोन कर लगातार पैसों की मांग कर रहा है। डॉ. यादव ने ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से अभद्रता और मोबाइल छीनने के लगाए गए आरोपों को गलत और निराधार बताया।
वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा का कहना है कि वह सरिता प्रेम हॉस्पिटल में निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस मांगा तो चिकित्सक और उनके भाई ने अभद्रता की तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया। दोनों पक्षों के एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मामला शांत कराया।











