Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 नवम्बर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह पवन शर्मा ने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है। शाखा के माध्यम से स्वयंसेवकों में संस्कारों का सृजन होता है। संस्कारवान स्वयंसेवक राष्ट्र और समाज के लिए स्वयं को समर्पित कर संस्कारित समाज के निर्माण में योगदान देते हैं। प्रतिदिन एक घंटे की शाखा व्यक्ति को पूरे दिन ऊर्जावान बनाए रखती है। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से शाखा भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘संघे शक्ति कलियुगे’ के भाव के साथ समर्थ और शक्तिशाली समाज के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। वह डीआरबी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित शाखा संगम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्पार्चन के साथ किया। एकत्रीकरण के दौरान स्वयंसेवकों ने योग, व्यायाम, दंड प्रहार और नियुद्ध सहित विभिन्न शारीरिक कौशलों का प्रदर्शन किया।

मुख्य वक्ता पवन शर्मा ने कहा कि संघ ने समाज के बीच कार्य करते हुए अपने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवधि में संघ ने समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संघ के सेवा कार्यों की सराहना देश-विदेश में हुई है और परिस्थितियां कैसी भी रही हों, स्वयंसेवक राष्ट्र और समाज के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि संघ अब पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगा। इसमें स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। स्वयं इन विषयों को अपनाने के साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी इनके प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि शाखा के माध्यम से स्वयंसेवक समाज सेवा, सामाजिक समरसता, संस्कारों का प्रसार और राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित करना सीखते हैं।

पवन शर्मा ने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा स्थापित संघ रूपी अविरल धारा आज देशभर में विस्तार कर चुकी है। संघ ने 100 वर्षों में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को लाभान्वित किया है और अब पंच परिवर्तन के जरिए उत्कृष्ट एवं संस्कारित समाज के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठित शक्ति ही परम वैभव का आधार है। सभी को एकजुट होकर राष्ट्र और समाज के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए, ताकि भारत विश्व में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके। शाखा संगम में नगर क्षेत्र की सभी शाखाएं एक ही स्थान पर अलग-अलग लगाई गईं। इन शाखाओं में स्वयंसेवकों ने खेल और व्यायाम में भाग लिया। संघ के विभाग एवं जिले के पदाधिकारियों ने शाखाओं में स्वयंसेवकों के अनुशासन और समता का निरीक्षण किया। भारत माता की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन सह नगर कार्यवाह अमित गौतम ने किया, जबकि नगर कार्यवाह भानु ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रचारक जितेंद्र, नगर प्रचारक सौरभ सहित विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page