
हाथरस 29 नवम्बर। सिटी रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी पुलिस ने घर से नाराज होकर आई एक महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पति-पत्नी के बीच हुए पारिवारिक विवाद को भी समझा-बुझाकर आपसी सहमति से सुलझा दिया।जीआरपी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर एक महिला अकेली बैठी दिखाई दी। महिला पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि वह पति के साथ हुए पारिवारिक विवाद से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल आई थी।
इसके बाद पुलिस महिला को सम्मानपूर्वक जीआरपी थाने लेकर पहुंची। वहां महिला हेल्पडेस्क पर तैनात महिला मुख्य आरक्षी रीना की निगरानी में उसे बैठाया गया। पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर महिला का पति जीआरपी थाने पहुंच गया। पुलिस ने पति-पत्नी को समझाया और दोनों के बीच हुए विवाद का आपसी सहमति से निस्तारण कराया। इसके बाद महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया। इस कार्रवाई में जीआरपी थानाध्यक्ष राहुल कुमार, महिला मुख्य आरक्षी रीना और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र प्रकाश शामिल रहे।










