
हाथरस 29 नवम्बर। तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित ‘दीपथून’ स्तंभ पर शनिवार, 28 नवंबर की शाम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम’ प्रज्वलित किया गया। दीप प्रज्वलन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के सदस्यों की भीड़ जुटी। ढोल-नगाड़ों के बीच दीप जलाए जाने पर लोगों ने खुशी जाहिर की और पहाड़ी पर ‘वेट्रिवेल-वीरवेल’ के जयकारे गूंज उठे। इस घटनाक्रम पर सासनी निवासी उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सदियों पुरानी पवित्र कार्तिगई दीपम परंपरा का पुनः प्रज्वलित होना सनातन संस्कृति, आस्था और परंपरा की अद्भुत विजय है। यह दृश्य प्रत्येक सनातनी के हृदय में गर्व और श्रद्धा का भाव जगाता है।
यतेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद कांग्रेस समर्थित TVK सरकार ने देव दीपावली के दिन कार्तिगई दीपम के लिए दीप प्रज्वलन की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस या INDIA गठबंधन में इतनी हिम्मत है कि वे किसी दूसरे धर्म के त्योहार पर बिना किसी न्यायालय के आदेश के ऐसी रोक लगा सकें? उन्होंने इसे INDIA गठबंधन की विचारधारा और सनातन धर्म के प्रति उसके कथित विरोध से जोड़ते हुए निशाना साधा।
बताया गया कि मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को रिसीवर के रूप में नियुक्त किया गया था। वहीं, मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी गई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पारंपरिक दीप प्रज्वलन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी पर एकत्र हुए।










