
हाथरस 29 नवंबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सुरंगपुरा निवासी एक महिला ने गांव के ही युवक पर बैंक मैनेजर के साथ मिलीभगत कर उसके नाम पर 6.65 लाख रुपये का लोन कराने और रकम हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि लोन की राशि उसके खाते में आने के बजाय किसी परिचित व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा दी गई। थाने में सुनवाई न होने पर महिला ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। सुरंगपुरा निवासी सुमन के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने उन्हें केनरा बैंक से लोन दिलाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि अप्रैल में वह उन्हें बैंक ले गया और कई कागजातों पर हस्ताक्षर करा लिए। युवक ने बताया कि 6 लाख 65 हजार रुपये का लोन एक-दो दिन में मंजूर होकर उनके खाते में पहुंच जाएगा। हालांकि, तय समय बीतने के बाद भी लोन की रकम उनके खाते में नहीं आई।
महिला ने बताया कि मई 2026 में उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए लोन की किस्त जमा न करने की बात कही। इस पर उन्होंने अपने पति कन्हैयालाल को जानकारी दी। इसके बाद दोनों बैंक पहुंचे। महिला का आरोप है कि वहां बैंक प्रबंधक ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि लोन की रकम उनके खाते में पहुंच चुकी है और उसे निकाल भी लिया गया है। किस्त जमा नहीं करने पर उनका घर नीलाम करने की चेतावनी भी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि लोन की पूरी राशि कथित तौर पर फर्जी तरीके से उनके परिचित व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कराकर हड़प ली गई। महिला के मुताबिक, दो अगस्त की सुबह करीब 11 बजे वह अपने पति के साथ आरोपी युवक के घर पहुंचीं तो वहां उनके साथ अभद्रता की गई और धमकाया गया। थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी डीके सिंह ने बताया कि प्रकरण की जानकारी कर जांच कराई जाएगी।










