Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 नवंबर। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद गंभीर रूप से घायलों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था नहीं है। यहां न सर्जन उपलब्ध हैं और न ही आईसीयू-वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं। ऐसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भेज तो दिया जाता है, लेकिन वहां प्राथमिक उपचार, पट्टी और ऑक्सीजन देने के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर करने की नौबत आ जाती है। इस प्रक्रिया में हादसे के बाद का महत्वपूर्ण गोल्डन आवर निकल जाता है, जो गंभीर मरीजों के लिए जिंदगी और मौत के बीच का समय माना जाता है। हाथरस को जिला बने 29 साल हो चुके हैं। इन वर्षों में जिला प्रदेश के उन 20 संवेदनशील जिलों में शामिल हो चुका है, जहां सड़क हादसों की संख्या अधिक है। यातायात माह नवंबर में ही अब तक सड़क हादसों में 40 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इमरजेंसी में बेड की संख्या छह से बढ़ाकर 18 कर दी गई है, लेकिन गंभीर घायलों के उपचार के लिए जरूरी विशेषज्ञ चिकित्सकों और संसाधनों का अभाव बना हुआ है।

जिला अस्पताल में न जनरल सर्जन हैं, न निश्चेतक विशेषज्ञ और न ही सिर या शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने पर ऑपरेशन की व्यवस्था है। दोपहर दो बजे के बाद किसी मरीज की हड्डी टूटने पर एक्स-रे की सुविधा भी नहीं मिल पाती। ट्रॉमा सेंटर में सामान्य तौर पर जनरल सर्जन, ऑर्थो सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट और एनेस्थीसियोलॉजिस्ट जैसे चार महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होती है। इसके साथ ही आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा भी जरूरी होती है। सिकंदराराऊ के ट्रॉमा सेंटर में भी जनरल सर्जन की तैनाती नहीं है। सासनी में 26 नवंबर को टेंपो और टाटा-407 की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में तुर्कमान गेट, अलीगढ़ निवासी आदिल भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। आदिल के साथ कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते उन्हें सासनी सीएचसी से अलीगढ़ के बजाय जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी पर उनकी पट्टी की गई थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी में पट्टी बदली गई और जरूरी दवाएं देने के बाद उन्हें स्ट्रेचर पर एक कोने में रखा गया।

परिजन या कोई साथ जाने वाला मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें रेफर नहीं किया जा सका। रात में जब अलीगढ़ से उनके परिजन पहुंचे तो वे आदिल को अपने साथ अलीगढ़ ले गए। इस हादसे में आदिल की जान जाते-जाते बची। सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। इसलिए चंदपा और सादाबाद के बीच हाईवे पर जमीन तलाशी जा रही है। इसके लिए करीब डेढ़ एकड़ जमीन की आवश्यकता है। जगह चिह्नित होते ही ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू कराया जाएगा, जहां घायलों के उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि सिकंदराराऊ के ट्रॉमा सेंटर में जनरल सर्जन की तैनाती के लिए मांग भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page