Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 नवंबर। ऑनलाइन सेकंड हैंड सामान खरीदने-बेचने वाले प्लेटफॉर्म OLX पर सस्ते मोबाइल के लालच में नाई का नगला निवासी एक युवक ठगी का शिकार हो गया। युवक ने 43 हजार रुपये कीमत का मोबाइल महज 12 हजार रुपये में खरीदने के लिए विक्रेता से संपर्क किया। आरोपी ने उसे मोबाइल देने के लिए अलीगढ़ बुलाया। वहां 12 हजार रुपये लेकर मोबाइल और बिल थमा दिया, लेकिन पहचानपत्र देने की बात कहकर टाल गया और बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। जांच में पता चला कि यह मोबाइल मुरादाबाद से चोरी किया गया था। नाई का नगला निवासी द्वारिका प्रसाद शनिवार को कोतवाली सदर पहुंचे और अपने बेटे टिंकू द्वारा खरीदे गए मोबाइल को पुलिस के सुपुर्द किया। द्वारिका प्रसाद ने बताया कि वह फॉल्स सीलिंग बनाने का काम करते हैं। उनके बेटे टिंकू को मोबाइल की आवश्यकता थी। इसी दौरान उसने OLX पर सेकंड हैंड मोबाइल देखा, जिसकी कीमत करीब 43 हजार रुपये थी, लेकिन विक्रेता उसे 12 हजार रुपये में बेचने की बात कह रहा था।

एक नवंबर को टिंकू मोबाइल लेने के लिए अलीगढ़ पहुंचा। वहां उसने मोबाइल देखा और विक्रेता के साथ उसकी तस्वीर भी खींची। टिंकू ने युवक से पहचानपत्र मांगा तो उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाजार आया है और थोड़ी देर बाद व्हाट्सएप पर पहचानपत्र भेज देगा। इसके बाद उसने 12 हजार रुपये लेकर मोबाइल और उसका बिल टिंकू को दे दिया। मोबाइल देने के बाद आरोपी वहां से चला गया और कुछ ही देर बाद उसका फोन बंद हो गया। द्वारिका प्रसाद के मुताबिक, पांच नवंबर को उन्होंने मोबाइल में सिम डालकर इस्तेमाल करना शुरू किया। इसके बाद मुरादाबाद साइबर सेल ने मोबाइल को ट्रेस किया। दो दिन पहले साइबर सेल की ओर से फोन कर उन्हें बताया गया कि मोबाइल चोरी का है। जानकारी करने पर पता चला कि दशहरे के दिन मुरादाबाद में एक महिला के पर्स से यह मोबाइल चोरी हुआ था।

इसके बाद स्थानीय साइबर सेल ने भी टिंकू से संपर्क किया और उसे कोतवाली बुलाया गया। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर चोरी की घटना से संबंधित पीड़ित महिला से भी बातचीत की। सीओ डीके सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदारी करते समय सतर्क रहने और विक्रेता की पहचान तथा सामान के दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page