
हाथरस (मुरसान) 29 नवंबर। गांव बर्दवारी में क्षेत्र पंचायत निधि से निर्मित सीसी टाइल्स सड़क का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर, पगड़ी बांधकर और पीतांबर ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय ने पूरे जनपद के प्रत्येक गांव में सर्वसमाज के लिए विकास कार्य कराए थे। इनमें विद्युतीकरण, नाली, सड़क, खड़ंजा, सामुदायिक केंद्र, बारातघर और हैंडपंप जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि विकास से जुड़े जो भी कार्य अभी शेष रह गए हैं, उन्हें जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत निधि के माध्यम से जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर रवि शर्मा एडवोकेट, विष्णु शर्मा, मुकेश शर्मा, प्रेमपाल बघेल, मुन्ना खां, धीरज वाल्मीकि, मोहन वाल्मीकि, नवनीत चौधरी, रमेशचंद्र जाटव, बलवीर जाटव, बनवारीलाल बघेल, लेखराज बघेल और रूपेश बघेल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।









