Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 28 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को अलीगढ़ मंडल के चार जनपदों अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे और नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएंगे।

मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक ओपी आर्य ने मंडल के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान दिवस पर अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है तो निर्धारित प्रक्रिया और प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसकी प्रभावी सुनिश्चितता के लिए मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है।

मंडलायुक्त ने विशेष रूप से निर्धारित अर्हता पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं, स्थान परिवर्तन करने वाले नागरिकों और अन्य पात्र मतदाताओं से अभियान दिवस पर अपने बूथ पर पहुंचकर नाम एवं विवरण का सत्यापन करने की अपील की। आवश्यकता होने पर नाम शामिल कराने या विवरण में संशोधन के लिए आवेदन भी प्रस्तुत करने को कहा। मंडलायुक्त ने चारों जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरा किया जाए। मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी प्रभावी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। ओपी आर्य ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष एवं सुदृढ़ लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी पात्र नागरिकों की सहभागिता से ही मतदाता सूची को विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है। उन्होंने अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज के नागरिकों से 29 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page