
हाथरस 28 नवंबर। यातायात माह-2026 के तहत पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थाना चंदपा क्षेत्रांतर्गत जवाहर इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्टाफ और छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों की जानकारी का अभाव और जानकारी होने के बावजूद उनका पालन नहीं करना है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा मोबाइल फोन पर बात करते हुए या नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
उन्होंने स्टंट बाइकिंग से बचने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और वाहनों में काली फिल्म, हूटर, प्रेशर हॉर्न तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग नहीं करने की अपील की। इसके साथ ही ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों और निर्धारित पार्किंग नियमों का पालन करने, पैदल यात्रियों को रास्ता देने तथा जल्दबाजी में ओवरटेकिंग नहीं करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और लोगों का जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस टीम ने सभी से यातायात माह को सफल बनाने में सहयोग करने और स्वयं नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।








