
हाथरस 27 नवंबर। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला गजुवा रेलवे फाटक पर कार रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि वहां पहुंचे कुछ लोगों ने कार सवार युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और कार के सभी शीशे तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में दो युवक घायल हो गए। वहीं, कार में रखा एक मोबाइल फोन भी गायब हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, थाना इगलास, जिला अलीगढ़ के गांव असरोई निवासी हेमंत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ नवंबर को वह अपने मित्र लोकेश के साथ कार से गांव असरोई से हाथरस जा रहा था। रास्ते में नगला गजुवा रेलवे फाटक बंद होने के कारण उसने कार रोक ली। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से धर्मेंद्र निवासी सुखा, थाना मुरसान, गांधी निवासी खेड़ा बरामई, पुष्पेंद्र निवासी नगला नंदू और उनके अन्य साथी वहां पहुंच गए।
आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद कार के सभी शीशे तोड़ दिए। घटना में हेमंत और उसके दोस्त लोकेश को चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जब उसने कार में अपना सामान देखा तो उसका मोबाइल फोन भी गायब मिला। पुलिस ने हेमंत की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।




