
हाथरस 27 नवंबर। कोतवाली सदर क्षेत्र में वेदप्रकाश शर्मा (सोनू) हत्याकांड की पैरवी कर रही महिला और उसके स्वजन को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आगरा के जीवनी मंडी क्षेत्र निवासी नीतू शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है। नीतू शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 नवंबर 2026 की सुबह वह अपने भतीजे दक्ष के साथ लोहट बाजार से घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान कुल्लो पहलवान के बेटे गौरव ने हत्याकांड की पैरवी करने पर उन्हें उनके भाई के पास भेजने की धमकी दी। इसके बाद आगे बढ़ने पर कमल ने कथित तौर पर अवैध हथियार दिखाते हुए उन्हें और उनके भतीजे को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गौरव और कमल वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त हैं। नीतू शर्मा के मुताबिक, हत्या से पहले उनके बड़े भाई ने भी कोतवाली सदर में अपनी आशंका जताई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई और बाद में उनकी हत्या हो गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 नवंबर 2026 को कमल शर्मा ने दक्ष और उनके भांजे को धमकाया था। पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






