
सासनी 27 नवंबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र में राधिका ढाबा के निकट गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मृत तीन लोगों के शवों का पोस्टमार्टम हाथरस में कराया गया। हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर रातभर चीख-पुकार मची रही। क्रिकेटर अश्वनी कुशवाहा और टेंपो चालक चंद्रपाल के शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार रात को ही कर दिया गया, जबकि दिल्ली निवासी ओमकार के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए। जानकारी के अनुसार, राधिका ढाबा के निकट हुए सड़क हादसे में दंपति समेत चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें से तीन मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजे गए थे। अश्वनी कुशवाहा और टेंपो चालक चंद्रपाल के शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार रात को ही पूरा कर लिया गया। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन रहा।
शुक्रवार सुबह दिल्ली निवासी ओमकार के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। शव देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। इसके बाद ओमकार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। परिजन शवों को लेकर अपने घर रवाना हो गए। दिल्ली के जहांगीरपुर निवासी ओमकार की ससुराल हाथरस के खंदारीगढ़ी में थी। वह अपनी पत्नी विनीता के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए हाथरस आ रहा था। रास्ते में हुए भीषण हादसे में दंपति की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में शोक का माहौल छा गया और शादी की रस्में भी महज औपचारिकता बनकर रह गईं।




