
हाथरस 27 नवंबर। सदर कोतवाली क्षेत्र के खातीखाना में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो युवक मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों के नाम और हादसे के अन्य विवरण सामने नहीं आए हैं।




