
हाथरस 27 नवंबर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरवाना में शुक्रवार को बाइक टकराने के विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। पुलिस को मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव बरवाना निवासी मनीष शर्मा की पिछले दिनों शादी हुई थी। शुक्रवार को उनके यहां रिसेप्शन समारोह चल रहा था। इसी दौरान पास के गांव का एक युवक बाइक से वहां से गुजर रहा था। बरवाना निवासी उमेश पुत्र हरिशंकर का आरोप है कि बाइक की टक्कर एक बच्ची को लग गई, जिसको लेकर मौके पर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान उमेश ने बाइक चालक को दो थप्पड़ मार दिए। आरोप है कि बाइक चालक उस समय धमकी देकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद बाइक चालक अपने तीन अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उमेश के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उमेश को जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। उमेश ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।




