
हाथरस 27 नवंबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के बिजली कॉटन मिल फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को युवक का शव रेलवे ट्रैक के निकट मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने मामा के घर जाने की बात कहकर गुरुवार को घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नया नगला रूहेरी निवासी अभिषेक कुमार पुत्र हरिशंकर टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था। परिजनों ने बताया कि उसके मामा कासगंज में रहते हैं। अभिषेक गुरुवार को मामा के घर जाने की बात कहकर निकला था। जब वह मामा के यहां नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को अभिषेक का शव बिजली कॉटन मिल फाटक के निकट रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार, अभिषेक की मौत ट्रेन से गिरकर हुई है। वह अविवाहित था। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।




