
हाथरस 27 नवंबर। पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर बिजली काटन मिल फाटक से आगे शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक निवासी नया नगला रूहेरी, थाना हाथरस गेट के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय ट्रेन से गिरकर वह उसकी चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, अभिषेक टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था और अभी अविवाहित था। स्वजन ने बताया कि वह गुरुवार रात अपने मामा के घर कासगंज जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। शुक्रवार सुबह लोगों ने रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को अभिषेक के पास आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान हुई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




