
हाथरस 26 नवंबर। गांव बघना निवासी एक पिता ने अपने ही बेटे पर नशे की हालत में आए दिन मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता श्यामवीर सिंह ने थाना चंदपा में तहरीर देकर आरोपी बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर में श्यामवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र अभिषेक सिसौदिया नशे का आदी है। नशा करने के बाद वह आए दिन उनके साथ मारपीट करता है और जान से मारने की धमकी देता है। आरोप है कि 21 नवंबर को भी बेटे ने उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद 22 नवंबर की सुबह फिर से मारपीट की, जिसमें उन्हें काफी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद बेटे ने उन्हें घर से भी निकाल दिया।
पीड़ित श्यामवीर सिंह ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर मेहनत कर करीब 30 बीघा जमीन खरीदी और लगभग एक करोड़ रुपये खर्च कर मकान बनवाया, लेकिन आज उन्हें अपने ही बेटे के व्यवहार के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बेटे के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।








