
हाथरस 26 नवंबर । सासनी थाना क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर गुरुवार शाम करीब चार बजे नगला भूरा गांव के पास ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब छह लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में अश्वनी कुशवाहा (15) पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी मोहल्ला जोगियान, मेंडू, थाना जंक्शन, चंद्रपाल (65) पुत्र ज्वाला प्रसाद, निवासी डोरीनगर, गली नंबर-1, थाना गांधी पार्क, अलीगढ़ और ओमकार (50) पुत्र जीवनलाल, निवासी जहांगीरपुरी, नई दिल्ली की मौत हो गई। ओमकार की पत्नी विनीता ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया गया कि ओमकार अपनी पत्नी विनीता, बेटे लक्ष्य और बेटी के साथ दिल्ली से में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। हादसे में तीनों घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान ओमकार और उनकी पत्नी विनीता की मौत हो गई, जबकि बेटे लक्ष्य और बेटी का इलाज जारी है। हादसे में घायल दो अन्य लोगों को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जिनकी पहचान की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली प्रभारी ललित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही घायलों की पहचान कराने में जुटी है।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से गंभीर घायलों को अलीगढ़ स्थित जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार दिलाने के लिए भी समन्वय किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हादसे में 15 वर्षीय होनहार क्रिकेटर अश्वनी की मौत को जिले के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि इसकी भरपाई मुश्किल है। सर्दियों में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग एनएचएआई के साथ मिलकर काम करेंगे। एसपी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों की जान बचाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कराया तथा जेएन मेडिकल कॉलेज में भी उपचार के संबंध में संपर्क किया गया।








