Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया। इस दौरान संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह और क्षेत्राधिकारी सादाबाद सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से जारी शुभकामना संदेश को पढ़कर सुनाने के साथ किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के मूल सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की अवधारणा को समझाते हुए लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करने की गारंटी देता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत बनाए रखने, कानून का सम्मान करने तथा अपने संवैधानिक एवं व्यावसायिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने और नागरिकों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page