
हाथरस 26 नवंबर। थाना चंदपा क्षेत्र के ग्राम बिसाना में मानवेन्द्र की गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। हत्या की घटना में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी सीके उर्फ श्रीकृष्ण को चंदपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम थाना चंदपा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बिसाना में गोपाल और उसके कुछ साथियों ने एक महिला के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और उसके पुत्र को गोली मार दी। गोली लगने से मानवेन्द्र की मौत हो गई थी। मामले में पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना चंदपा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम, सर्विलांस टीम और थाना पुलिस सहित पांच टीमों का गठन किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, संदिग्धों की गतिविधियों और घटनास्थल तक आने-जाने के संभावित रास्तों की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 19 नवंबर को एसओजी और चंदपा पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में 25 नवंबर को थाना चंदपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सीके उर्फ श्रीकृष्ण पुत्र खगेन्द्र निवासी ग्राम बिसाना को थाना क्षेत्र के कछपुरा पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में थाना चंदपा पर मुकदमा अपराध संख्या 251/2026 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190 और 103(1) में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह सहित थाना चंदपा की पुलिस टीम शामिल रही।










