
हाथरस 26 नवंबर। राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर मोहनगंज स्थित सेंट जॉन्स स्कूल में सीनियर विंग के छात्र-छात्राओं के लिए संविधान पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के इतिहास, उसकी प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य विपिन सिंह ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने संविधान के इतिहास, नागरिकों को प्राप्त मौलिक अधिकारों और उनके प्रति निर्धारित मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को समझने और अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या सुचेता जॉन ने विद्यार्थियों को 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले (26/11) के इतिहास और उससे जुड़ी घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने इस हमले में शहीद हुए वीर जवानों के साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूकता के साथ-साथ देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर जवानों के बलिदान और उनके प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया गया।










