
हाथरस 24 नवंबर। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हाथरस के एक निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसरात निवासी 40 वर्षीय चरण सिंह पुत्र संत सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार शाम वह अपना ई-रिक्शा लेकर हाथरस कृषि उत्पादन मंडी समिति जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास मथुरा की ओर से आ रही एक स्कार्पियो ने उनके ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और चरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल चालक को संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए हाथरस के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चरण सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पांच बेटियों समेत परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं, हादसे के बाद स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





