Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 नवंबर। अपना घर आश्रम में निवासरत निराश्रित प्रभुजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आश्रम के विकास एवं विस्तार कार्यों को गति देने के लिए समाजसेवियों ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाए हैं। इसी क्रम में ब्रज कला केंद्र की आजीवन सदस्य एवं पूर्व प्रधानाचार्य उषा गुप्ता के पुराना मिल कंपाउंड स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें आश्रम की चिकित्सा, भोजन व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अपना घर आश्रम के अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट, सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य एवं आजीवन सदस्य अनिल वार्ष्णेय (तेल वाले) ने आश्रम की आगामी योजनाओं और आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर उषा गुप्ता ने आश्रम के नवनिर्माणाधीन मुख्य द्वार पर स्टील का गेट लगवाने के लिए सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपना घर आश्रम मानव सेवा का अनुकरणीय केंद्र है, जहां निराश्रित और जरूरतमंद प्रभुजनों की सेवा की जा रही है। इस पुनीत कार्य में समाज के प्रत्येक समर्थ व्यक्ति को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के लोगों को आश्रम की सेवा गतिविधियों से अवगत कराकर आर्थिक एवं अन्य सहयोग के लिए प्रेरित करने का प्रयास करेंगी। वहीं, मथुरा से ब्रज कला केंद्र के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा ने आश्रम में निवासरत प्रभुजनों की खाद्य सामग्री की व्यवस्था में सहयोग करने की पहल की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद प्रभुजनों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। इसके लिए समाज के लोगों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

आश्रम के अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट ने कहा कि अपना घर आश्रम का उद्देश्य केवल निराश्रित प्रभुजनों को आश्रय देना नहीं, बल्कि उन्हें परिवार जैसा स्नेह, सम्मान, बेहतर चिकित्सा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना भी है। आश्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में समाज के सभी वर्गों का सहयोग महत्वपूर्ण है। सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि अपना घर आश्रम समाज के सहयोग और समर्पण से संचालित सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रयास है कि आश्रम में रहने वाले प्रत्येक प्रभुजन को बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवियों और प्रवासी भारतीयों को आश्रम की सेवा गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आजीवन सदस्य अनिल वार्ष्णेय (तेल वाले) ने कहा कि प्रभुजनों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। आश्रम की आवश्यकताओं को पूरा करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह सदैव सहयोग एवं सहभागिता के लिए तत्पर रहेंगे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर अपना घर आश्रम की सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य में भी निरंतर सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page