Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 नवंबर। पत्नी से विवाद के बाद कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गंगौली फाटक के निकट मंगलवार को एक युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एटा जिले के थाना जलेसर क्षेत्र के गांव पवरा निवासी रामप्रवेश चौहान (28) पुत्र भीकम सिंह राजस्थान में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन मंगलवार को रामप्रवेश घर से यह कहकर निकला कि वह अब कभी लौटकर वापस नहीं आएगा।

इसके बाद वह हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गंगौली फाटक के निकट पहुंचा और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रामप्रवेश अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाली हाथरस जंक्शन के प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page