
हाथरस 24 नवंबर। बागला जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को इमरजेंसी वार्ड के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के लिए रुपये नहीं मिलने से नाराज एक युवक आत्महत्या करने की धमकी देते हुए पेड़ पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से अस्पताल परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मां द्वारा रुपये देने का आश्वासन दिए जाने पर युवक पेड़ से नीचे उतरा। जानकारी के अनुसार कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान उसके बेटे को शराब की तलब लग गई। युवक ने अपनी मां से शराब खरीदने के लिए रुपये मांगे, लेकिन मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया।
मां के रुपये देने से मना करने पर युवक भड़क गया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद भी जब मां रुपये देने के लिए तैयार नहीं हुई तो युवक आत्महत्या करने की धमकी देते हुए इमरजेंसी वार्ड के निकट स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया। युवक को पेड़ पर चढ़ा देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों के तीमारदारों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने काफी देर तक युवक को समझाने और नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इससे अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आखिरकार युवक की मां ने उसे रुपये देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह पेड़ से नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और अस्पताल परिसर में स्थिति सामान्य हो गई।





