Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 नवंबर। अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में कलयुग के अवतार श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु महाराज के समक्ष माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे 48 घंटे से चल रहे अखंड पाठ साहिब के समापन के साथ हुआ। इसके पश्चात गुरुद्वारे के मीत सच्ची जानी मानक जी द्वारा कीर्तन किया गया। गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरपाल सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन, इतिहास और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इसके बाद गुरु महाराज की अरदास की गई।

इस अवसर पर ज्ञानी हरपाल सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने एक ही परमात्मा, मानव समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को मानवता और प्रेम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान ननकाना साहिब के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी दी। पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रतिवर्ष प्रकाश पर्व पर विशाल धार्मिक आयोजन और मेला आयोजित होता है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

कीर्तन और अरदास के उपरांत गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। समाजसेवी तजवंत कालरा की ओर से लंगर की सेवा की गई। श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पन्ना सिंह, चम्बेल सिंह, शेर सिंह, खानीत सिंह, हरवंस सिंह, राजेश सिंह, सतनाम सिंह, कुलजीत सिंह, विजय, सचिन, जितेंद्र लूथरा, प्रशांत बग्गा, अविनाश, गुणराज अरोरा, किशन सिंह, केपी सिंह, राजबहादुर सिंह, सुभाष अरोरा, सुरजीत सिंह, कविश कालरा, लव ग्रोवर,लाल सिंह, टीकम सिंह, केवलजीत सिंह सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सेवा और सहयोग किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का विशेष माहौल देखने को मिला। संगत ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page