
हाथरस 24 नवंबर। 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली संविधान रक्षा यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेसजन बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचेंगे। यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आ`1ह्वान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संविधान रक्षा यात्रा के जिला कोऑर्डिनेटर एवं अलीगढ़ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली यात्रा नेहरू भवन से प्रारंभ होगी। यहां से गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा एनसीसी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी। वहां बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाथरस से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन इस यात्रा में सहभागिता करेंगे। गिरवर शर्मा ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अपने मत का प्रयोग करने की शक्ति प्रदान की है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। संविधान रक्षा यात्रा के माध्यम से कांग्रेस संविधान की मूल भावना और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराएगी।
जिलाध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की नींव है और प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के साथ खड़ी रही है। 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाली यात्रा से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होकर संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा का संकल्प लेंगे। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमंत सेंगर ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को बराबरी और अपने प्रतिनिधि को चुनने का अधिकार दिया है। इन अधिकारों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं मथुरा प्रसाद कुशवाह ने भी संविधान द्वारा दिए गए मताधिकार की सुरक्षा के लिए यात्रा में पूरी मजबूती से शामिल होने की बात कही।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमंत सेंगर, मथुरा प्रसाद कुशवाह, छोटे लाल उपाध्याय, नवीन उपाध्याय, रिंकू सिंह ब्लॉक अध्यक्ष सासनी, राय साहब, भूपेंद्र कुशवाह, रितेश सिंह, अवधेश कुमार, राहुल जीतू चौधरी, नाजिर कुशवाह, हिमांशु जय हिन्द सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस कमेटी, हाथरस की ओर से सभी कांग्रेसजनों से अपील की गई कि वे 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा यात्रा में शामिल हों और संविधान, लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करें।










