
हाथरस 23 नवंबर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा जारी शुभकामना संदेश को पढ़कर सुनाया और पुलिसकर्मियों को संदेश के अनुरूप पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज को सलामी देकर झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कार्यालय जयेंद्र नाथ अस्थाना, क्षेत्राधिकारी यातायात दुष्यंत कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जयेंद्र नाथ अस्थाना ने पुलिस अधीक्षक की वर्दी पर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह (स्टीकर) लगाकर उन्हें झंडा दिवस की बधाई दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने भी उपस्थित पुलिसकर्मियों की वर्दी पर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे भारतवर्ष का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान के लिए पुलिस कलर अर्थात पुलिस ध्वज प्रदान किया गया है। यह प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान पुलिस और पीएसी के जवानों के शौर्य प्रदर्शन, उच्च कोटि की कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के फलस्वरूप दिया गया था। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन का ध्वज उसकी पहचान और गौरव का प्रतीक होता है। पुलिस ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, पराक्रम और बलिदान की याद दिलाता है।
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की अनवरत ड्यूटी, कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और वीरता की अनगिनत गाथाएं इस ध्वज से जुड़ी हैं। कर्तव्यपथ पर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। हम सभी का दायित्व है कि पुलिस ध्वज की आन, बान और शान को बनाए रखें तथा इससे प्रेरणा लेकर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों में भी पुलिस ध्वज फहराया गया। इस दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने ध्वज को सलामी दी और अपनी वर्दी की बाईं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह लगाकर झंडा दिवस मनाया।










