Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 नवंबर। छात्राओं को संविधान के प्रति जागरूक करने और उनके मौलिक अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सोमवार को रामचन्द्र गर्ल्स इंटर कॉलेज, में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया और मौलिक अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अनु चौधरी ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे विस्तृत संविधानों में से एक है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। प्रत्येक व्यक्ति के अधिकार संविधान में निहित हैं, इसलिए सभी को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए और उनका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से संविधान का सम्मान करने और उसके नियमों एवं आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जनपद के सभी शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित लीगल लिटरेसी क्लब यानी विधिक साक्षरता क्लब को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के लिए विद्यालयों में नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इन अधिकारियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायिक अधिकारियों, मध्यस्थों एवं लीगल एड डिफेंस के अधिवक्ताओं द्वारा संविधान से संबंधित जानकारी दी जा चुकी है। अब ये नोडल अधिकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को संवैधानिक अधिकारों एवं प्रावधानों के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस आशुतोष गौतम ने भी छात्राओं को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह एवं रामकुमार शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए मौलिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान का पालन करना चाहिए और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं स्टाफ मौजूद रहा। इसी संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत बाह्य न्यायालय सिकंदराराऊ की सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) दीपा सैनी ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज, सिकंदराराऊ में छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और उन्हें मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस अभियान के माध्यम से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान और विधिक अधिकारों की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page