Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 23 नवंबर। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की सदस्य नीरज गौतम ने सोमवार को आगरा रोड स्थित नगला भुस के निकट अशर्फी ग्रामोद्योग संस्थान, छर्रा, अलीगढ़ द्वारा संचालित आवासीय वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नीरज गौतम ने वृद्धजनों से उनके रहने की अवधि, भोजन, आवास, सोने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि संस्था एवं संबंधित विभाग की ओर से उन्हें सभी सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं। इस पर वृद्धजनों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उन्हें किसी प्रकार की विशेष समस्या नहीं है।

इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि वृद्धाश्रम में वर्तमान में कुल 68 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिनमें 36 पुरुष और 32 महिलाएं शामिल हैं। सभी को निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वृद्धाश्रम का संचालन संस्था द्वारा किया जा रहा है, जबकि जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से नियमानुसार अनुदान प्रदान किया जाता है। आश्रम की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 14 कर्मचारी तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में वाटर कूलर, वॉशिंग मशीन, जनरेटर, इन्वर्टर, कूलर और गीजर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। निरीक्षण के बाद सदस्य नीरज गौतम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। आश्रम में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को नियमित रूप से बेहतर बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी सेवा, देखभाल और सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी वृद्धजन को असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page