
हाथरस 22 नवम्बर । हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के ऐहन-भिलोखरी चौराहे पर रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा हुआ एक अनियंत्रित एक्सयूवी (XUV) कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गढ़ी खुर्ती निवासी शैलेन्द्र पुत्र चेतराम के रूप में हुई है। बताया गया कि शैलेन्द्र रविवार शाम जलेसर रोड स्थित तल्फी के बाग में आयोजित एक दावत में शामिल होने गया था। दावत में शामिल होने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान ऐहन-भिलोखरी चौराहे के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित एक्सयूवी कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना करने वाली कार पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शैलेन्द्र बाइक समेत उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही पोरा चौकी इंचार्ज संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चौकी इंचार्ज ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी निजी गाड़ी से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते शैलेन्द्र की जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है। कार पर लिखे ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।





