
हाथरस 22 नवम्बर । कोतवाली सदर क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले लोगों पर आए दिन गाली-गलौज कर परेशान करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
काशीराम कॉलोनी निवासी दुर्गेश पत्नी स्वर्गीय गिरधर गोपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ब्लॉक संख्या 46 में रहने वाली आशा पत्नी बबलू और उनके सामने ऊपरी मंजिल पर रहने वाले आसिफ पुत्र साकिर आए दिन उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और गाली-गलौज कर परेशान करते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि आसिफ की पत्नी रेशमा भी उनके साथ गाली-गलौज करती हैं। रेशमा ने पूर्व में उनके बेटे मिन्नी के खिलाफ झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया था। आरोप है कि इस मामले में रुकसाना पत्नी अफसर भी उनका साथ देती हैं। पीड़िता के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे इन सभी लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना के बाद महिला ने कोतवाली सदर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





