
हाथरस 22 नवंबर। शासन के निर्देशों के क्रम में रविवार शाम 6 बजे जनपद हाथरस में Civil Defence Air Raid/Blackout Mock Exercise 2026 का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी मोहम्मद शम्स तबरेज खान के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल के माध्यम से हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता को परखा गया।
इस अभ्यास में करीब 200 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और 100 आपदा मित्रों एवं होमगार्ड आपदा मित्रों के साथ पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों एवं नागरिकों सहित लगभग 350 लोगों की सहभागिता रही। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्युत विभाग ने करीब पांच मिनट तक ब्लैकआउट कराया। अभ्यास के दौरान एक काल्पनिक घटना में भवन से घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। वहीं आग लगने की काल्पनिक घटना में घायल व्यक्ति को चिकित्सा टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित चिकित्सा टीम एवं एंबुलेंस मौके पर मौजूद रहीं। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग किया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
मॉक ड्रिल में आपदा विभाग के जिला आपदा विशेषज्ञ लेखराज सिंह, आपदा कार्यालय के ऑपरेटर, नागरिक सुरक्षा कार्यालय के मल्टीटास्किंग स्टाफ, नागरिक सुरक्षा बाबू आशीष कुमार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। जिला आपदा विशेषज्ञ लेखराज सिंह ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यासों से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर होता है। साथ ही उपलब्ध संसाधनों की स्थिति और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का आकलन किया जा सकता है। उन्होंने मॉक ड्रिल में प्रतिभाग करने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।










