
हाथरस 22 नवंबर। गांव नगला उम्मेद में करीब 20 वर्षों से जर्जर और गड्ढों से भरे मुख्य मार्ग का निर्माण होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर समस्त ग्रामवासियों ने एकजुट होकर छोटू चौधरी का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। गांव के मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और हर घर में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, छोटू चौधरी ने अपने युवा साथियों के साथ मिलकर गांव के जर्जर मार्गों के निर्माण के लिए लंबे समय तक प्रयास किए। सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने सांसद को अपने खून से पत्र लिखकर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया था। इसके अलावा विकास पुरुष स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय के समक्ष भी युवाओं के साथ 51 लीटर जल की कांवड़ लेकर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुहार लगाई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 वर्षों से गांव का मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील था, जिसके चलते आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब मार्ग का निर्माण होने से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने छोटू चौधरी एवं उनके साथ संघर्ष करने वाले युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, निरोत्तम सिंह, प्रदीप सिंह, विक्रम सिंह, आशीष ठेनुआ, सुरेश चंद, नरेश गोस्वामी, गौरव दिवाकर, कालीचरण माहौर, टोनी, रोहित, राजू, शिवम, संकेत, पिंकू, रानू, सचिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।










