
हाथरस 21 नवम्बर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत चार थानों में नए प्रभारी निरीक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एंटी थेफ्ट स्क्वायड और लोक शिकायत प्रकोष्ठ में भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
स्थानांतरण सूची के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह को थाना चंदपा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, रिट शाखा के प्रभारी निरीक्षक कुलवीर सिंह को थाना मुरसान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक नित्यानंद पांडेय को थाना हाथरस जंक्शन का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि निरीक्षक प्रेमपाल सिंह को सिकंदराराऊ कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, एंटी थेफ्ट स्क्वायड के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार का स्थानांतरण कर उन्हें थाना साइबर क्राइम का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, थाना चंदपा के थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक योगेश कुमार को एसपी कार्यालय स्थित लोक शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








