
हाथरस 21 नवम्बर । हाथरस गेट थाना क्षेत्र के नयाबास जैन रोड पर बगीची के पास चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर मकान का मुख्य दरवाजा और अंदर रखी अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब सात से आठ लाख रुपये है। मकान में दो भाइयों का सामान रखा हुआ था।
सुनील कुमार पुत्र स्वर्गीय श्याम बाबू शर्मा ने बताया कि उनका परिवार हाल ही में नए मकान में रहने के लिए गया है। दीपावली से पहले नए मकान में गृह प्रवेश भी किया गया था, लेकिन अभी निर्माण कार्य चल रहा है। इसी वजह से परिवार का काफी सामान पुराने मकान में ही रखा हुआ था। परिवार के सदस्य दिन में पुराने मकान पर आते-जाते थे, लेकिन रात में वहां कोई नहीं रुकता था। सुनील कुमार के अनुसार, शुक्रवार शाम तक मकान में सब कुछ सामान्य था। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य मंदिर जाने के लिए वहां पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और बिस्तरों का सामान भी अस्त-व्यस्त था। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 10 ग्राम सोने की चेन, चांदी की दो जोड़ी तोड़ियां, सोने की दो जोड़ी झुमकियां, करीब 10-10 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां और करीब पांच-पांच ग्राम की दो सोने की चूड़ियां चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुल्हन के दो लहंगे, 10 साड़ियां और करीब 50 किलो पीतल के बर्तन भी चोर अपने साथ ले गए। सुनील कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आशंका है कि रात के समय मकान खाली रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद कराने की मांग की है। इस संबंध में सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








