
हाथरस 21 नवम्बर। शहर के बहुचर्चित प्रॉपर्टी डीलर वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी कमल शर्मा समेत 18 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, कमल शर्मा इस गिरोह का सरगना है और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी विवाद में सोनू की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। अब पुलिस आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की भी जांच करेगी।
मामला कोतवाली सदर क्षेत्र के दिल्ली वाला मोहल्ला स्थित गली जै राधे निवासी वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या से जुड़ा है। बीते छह अप्रैल को सोनू की हत्या कर दी गई थी। इसके अगले दिन सात अप्रैल को उसका शव सहपऊ क्षेत्र के एक नाले में मिला था। पुलिस ने इस हत्याकांड में कमल शर्मा समेत 18 लोगों को आरोपी बनाया था। अब सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गैंग का सरगना कमल शर्मा पुत्र हरीश शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान निवासी दिल्ली वाला मोहल्ला है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जद में उसके भाई गौरव शर्मा के अलावा शुभम उर्फ माइटी पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी दिल्ली वाला चौक, रुद्र पाठक पुत्र रवि पाठक निवासी रामलीला मैदान और कार्तिक गुप्ता पुत्र गौरव गुप्ता निवासी आवास विकास कॉलोनी शामिल हैं। इसके अलावा निशांत उर्फ छोटू, कन्हैया, ललित ठाकुर, आकाश, मोनिश कान्त शर्मा, विशाल शर्मा, शौर्य भारद्वाज और साहिल वाल्मीकि उर्फ साहिल कुमार के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, वंश सौनी उर्फ दीपेश, कृष्णा उर्फ पार्थ, द्वारिका शर्मा उर्फ डैना, पवन कुमार उर्फ हनुमान और वंश दीक्षित को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है।
सभी 18 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सदर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जाएगी। यदि अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित किए जाने की पुष्टि होती है तो उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। सोनू हत्याकांड में गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई को आरोपियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।








