
हाथरस 21 नवंबर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की कार्यप्रणाली को लेकर दवा व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ऑर्गेनाइजिंग केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने सीएमओ पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी करने और कार्रवाई का भय दिखाकर कथित रूप से वसूली कराने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने व्यापारियों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि जिले में पिछले पांच दिनों से स्वास्थ्य विभाग की टीमें छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान कई अपंजीकृत क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील किए गए हैं। शासन के निर्देश पर प्रदेशभर में अभियान चलाया जा रहा है और हाथरस में भी अपंजीकृत चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के प्रदेश महामंत्री सुभाष चौहान, प्रदेश अध्यक्ष दाऊ दयाल शर्मा और कोषाध्यक्ष सतीश तायल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई शासन के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। विभाग की टीमें अपंजीकृत चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार अभियान चला रही हैं। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच दवा व्यापारियों ने जहां निष्पक्ष जांच की मांग की है, वहीं सीएमओ ने सभी आरोपों को खारिज किया है।









