
हाथरस 21 नवंबर। तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना। भूमि विवाद एवं अन्य विवादों से संबंधित मामलों में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की मौजूदगी में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, एक ही समस्या को बार-बार प्रस्तुत किए जाने अथवा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी द्वारा समय से संज्ञान नहीं लेने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व एवं कब्जा परिवर्तन से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करे।
तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 29 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










